दिल्ली में आज किसानों का महाधरना, दोपहर तक एनसीआर में नहीं जाएगी दिल्ली मेट्रो
By: Pinki Thu, 26 Nov 2020 08:41:08
केन्द्र सरकार के कृषि बिल के विरोध में दिल्ली में किसान संगठनों का बड़ा आंदोलन होना है। 26 व 27 नवंबर को होने वाले इस आंदोलन की अनुमति निरस्त कर दी गई है। इसके बाद भी किसान आंदोलन की पूरी तैयारी में हैं। कृषि सुधार कानूनों के विरोध में किसानों के विरोध मार्च के कारण आज दिल्ली मेट्रो पर भी असर दिख रहा है। किसान रैली के मद्देनजर बृहस्पतिवार को सुबह से लेकर दोपहर दो बजे तक दिल्ली व एनसीआर के बीच मेट्रो का परिचालन बंद रहेगा। इस दौरान दिल्ली में मेट्रो का परिचालन सामान्य रहेगा लेकिन मेट्रो ट्रेनेें एनसीआर के शहरों में नहीं जाएंगी। वहीं, एनसीआर के शहरों से कोई मेट्रो दिल्ली नहीं आएगी। इस वजह से दिल्ली मेट्रो के पांच काॅरिडोर पर परिचालन प्रभावित रहेगा। उम्मीद की जा रही है कि सभी लाइनों पर दोपहर बाद नियमित तरीके से मेट्रो सर्विस उपलब्ध रहेंगी। मेट्रो ने अडवाइजरी जारी कर बताया है कि किस लाइन पर किन स्टेशनों पर ट्रेनें मिलेंगी और कहां नहीं। दिल्ली मेट्रो की तरफ से बताया गया कि दिल्ली में किसानों की रैली के मद्देनजर पुलिस के अनुरोध पर उसने रेग्युलर सर्विस में कुछ बदलाव किया है। आइए देखते हैं कि आज मेट्रो सेवाओं में क्या-क्या बदलाव हैं...
रेड लाइन:
रिठाला से दिलसाद गार्डन और मेजर मोहित शर्मा राजेंद्र नगर से शहीद स्थल न्यू बस अड्डा के बीच रेग्युलर मेट्रो सर्विस चलेगी। जबकि दिलशाद गार्डन से मेजर मोहित शर्मा राजेंद्र नगर सेक्शन में सुबह से लेकर दोपहर 2 बजे तक मेट्रो सेवा उपलब्ध नहीं होगी।
यलो लाइन:
इस लाइन पर समयपुर बादली से सुल्तानपुर और गुरु द्रोणाचार्य से हुडा सिटी सेंटर के बीच रेग्युलर सेवाएं चलती रहेंगी। दूसरी तरफ सुल्तानपुर से गुरु द्रोणाचार्य सेक्शन के बीच दोपहर 2 बजे तक मेट्रो सेवा उपलब्ध नहीं रहेगी।
ब्लू लाइन:
द्वारका सेक्टर 21 से आनंद विहार/न्यू अशोक नगर और नोएडा सिटी सेंटर से नोएडा इलेक्ट्रॉनिक सिटी सेक्शन पर रेग्युलर सर्विस। आनंद विहार से वैशाली और न्यू अशोक नगर से नोएडा सिटी सेंटर सेक्शन पर दोपहर 2 बजे तक नहीं मिलेगी मेट्रो सेवा।
ग्रीन लाइन:
कीर्ति नगर/इंद्रलोक से टिकरी कलां सेक्शन पर रेग्युलर सेवाएं। हालांकि, टिकरी कलां से ब्रिगेडियर होशियार सिंह सेक्शन पर दोपहर 2 बजे तक मेट्रो सेवाएं उपलब्ध नहीं।
वायलेट लाइन:
कश्मीरी गेट से बदरपुर बॉर्डर और मेवाला महाराजपुर से राजा नाहर सिंह सेक्शन पर रेग्युलर सर्विस। बदरपुर बॉर्डर से मेवाला महाराजपुर सेक्शन पर दोपहर 2 बजे तक मेट्रो सर्विस नहीं।